गोविन्दपुर की बिवरेजेस कंपनी में आधी रात जिला प्रशासन की छापेमारी, विदेशी-देशी शराब के स्टॉक की हुई जांच

KK Sagar
2 Min Read

उपायुक्त के निर्देश पर संयुक्त टीम ने किया औचक निरीक्षण, स्टॉक सत्यापन में नहीं मिली कोई गड़बड़ी

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे गोविन्दपुर के देवली स्थित मेसर्स ब्लैक ब्रियू बिवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विदेशी एवं देशी शराब के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया।

जानकारी के अनुसार, छापेमारी टीम ने देर रात प्रतिष्ठान का मुख्य गेट खुलवाकर परिसर में प्रवेश किया। प्रारंभिक पूछताछ में गार्ड ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी शाम के बाद अपने आवास चले जाते हैं। इसके बाद उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कंपनी के प्रबंधक को मौके पर बुलाया और उनकी उपस्थिति में नियमानुसार स्टॉक सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की।

जांच के दौरान टीम ने विदेशी और देशी शराब के गोदामों का बारीकी से निरीक्षण किया। विदेशी शराब के गोदाम में ओल्ड हैबिट प्रीमियम व्हिस्की (180 एमएल), बॉटम्स अप व्हिस्की (180 एमएल) तथा ओल्ड हैबिट रम (750, 375 और 180 एमएल) की विभिन्न पेटियां मिलीं। वहीं देशी शराब के गोदाम में धनबाद नंबर-01 (300 एमएल) तथा झारखंड नंबर-01 (600 और 200 एमएल) ब्रांड की पेटियां पाई गईं।

भौतिक सत्यापन के दौरान जांच टीम को कोई भी अवैध शराब या अनियमितता नहीं मिली। गोदाम और फैक्ट्री में मौजूद सभी ब्रांड कंपनी के अभिलेखों एवं स्टॉक रजिस्टर से मेल खाते पाए गए।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिले में वित्तीय एवं आबकारी नियमों के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण और जांच अभियान जारी रहेंगे।

इस संयुक्त कार्रवाई में गोविन्दपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत, निरीक्षक उत्पाद (सदर प्रक्षेत्र) देवीलाल सोरेन, अवर निरीक्षक उत्पाद जॉय हेंब्रम, जितेन्द्र कुमार, गोविन्दपुर थाना पुलिस बल तथा गृह रक्षकों की टीम शामिल रही।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....