पलामू: आम नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवाएं प्रखंड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पलामू जिला प्रशासन ने गुरुवार से प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप की शुरुआत की। अभियान के पहले दिन लेस्लीगंज प्रखंड के पंचायत सचिवालय में आयोजित कैंप का उद्घाटन जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने किया।
इस दौरान उपायुक्त ने कैंप में ऑन-द-स्पॉट तैयार किए गए 10 लाभुकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस वितरित किए। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस केवल वाहन चलाने की अनुमति नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक भी है।
उपायुक्त ने युवाओं से वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश लोगों की जान लापरवाही के कारण जाती है, जिसे यातायात नियमों का पालन कर काफी हद तक रोका जा सकता है।
कैंप में आवेदकों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग की ओर से सभी आवश्यक तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। आवेदन और लाइसेंस निर्माण की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर ऑपरेटरों की भी तैनाती की गई थी, जिससे बड़ी संख्या में लोगों ने मौके पर ही इस सुविधा का लाभ उठाया।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी प्रमोद कुमार, लेस्लीगंज अंचलाधिकारी जागो महतो, स्थानीय मुखिया, परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

