ऐतिहासिक जमशेदपुर बंद पर बोले सुरेश सोंथालिया-जनता की एकजुटता ने दिया सरकार को बड़ा संदेश

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर में अभूतपूर्व बंद की व्यापक और ऐतिहासिक सफलता के बाद व्यापारिक संगठनों ने एकजुटता दिखाने के लिए आम जनता और प्रशासन का धन्यवाद किया है। इस बंद को समाज के हर वर्ग का स्वतः स्फूर्त समर्थन मिला, जिसे व्यापारियों ने लोकतांत्रिक अधिकारों की जीत बताया है।

जमशेदपुर सुरक्षित तो पूरा झारखंड सुरक्षित–सुरेश सोंथालिया
​कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने इस बंद की सफलता पर शहर के व्यापारियों, उद्यमियों, दुकानदारों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। सोंथालिया ने कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार को सीधे तौर पर सचेत किया। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर केवल एक शहर नहीं, बल्कि झारखंड की औद्योगिक राजधानी है। अगर यहां की विधि-व्यवस्था बिगड़ती है, तो इसका सीधा असर पूरे राज्य के औद्योगिक निवेश पर पड़ता है। इसलिए झारखंड सरकार और जिला प्रशासन को यहां की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखना चाहिए।

शांतिपूर्ण बंद से जनता ने दिया बड़ा संदेश
​कैट के राष्ट्रीय पदाधिकारी भरत वासनी ने कहा कि व्यापारियों ने बिना किसी दबाव के, स्वेच्छा से अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। उन्होंने बेहद शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से इस बंद को सफल बनाया। वासनी के मुताबिक इस एकजुटता ने साफ संदेश दे दिया है कि जब भी जनहित और समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों की बात आएगी, पूरा जमशेदपुर एक सुर में अपनी लोकतांत्रिक आवाज बुलंद करेगा।

प्रशासन और मीडिया का जताया आभार
​कैट के वरिष्ठ सदस्य किशोर गोलच्छा ने बंद को प्रभावी बनाने के लिए सभी बाजार समितियों, परिवहन क्षेत्र, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया जगत का विशेष रूप से धन्यवाद किया। इसके साथ ही शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन के सहयोग की भी सराहना की गई।

सजगता और एकजुटता का प्रमाण
​जमशेदपुर डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के दिलीप गोयल और निलेश वोरा ने संयुक्त रूप से कहा कि इस बंद को मिला अभूतपूर्व जनसमर्थन इस बात का जीता-जागता सबूत है कि जमशेदपुर की जनता अपने अधिकारों को लेकर पूरी तरह सजग है। उन्होंने भविष्य में भी शहर की इस एकता, सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की अपील की है।

Share This Article