पलामू: बीट पुलिसिंग अभियान के तहत ग्रामीणों को किया जागरूक, डायन प्रथा, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा पर दिया संदेश

KK Sagar
2 Min Read

पलामू: जिले के मनातू थाना पुलिस ने शुक्रवार को बीट पुलिसिंग अभियान के तहत मझौली पंचायत के पन्नाटांड, भधाईबतान और खैराही गांवों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को कानून, सामाजिक कुरीतियों, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं आपातकालीन सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना था।

कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने झारखंड डायन प्रथा (प्रतिषेध) अधिनियम की जानकारी देते हुए कहा कि किसी महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करना, सामाजिक बहिष्कार करना या उसके साथ अमानवीय व्यवहार करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

इस दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। वहीं नशा मुक्ति अभियान के तहत युवाओं और ग्रामीणों से शराब एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील की गई। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि मादक पदार्थों का अवैध कारोबार, खरीद-बिक्री और सेवन गंभीर अपराध है, जिसके लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

पुलिस अधिकारियों ने आपातकालीन सेवा 112 की उपयोगिता बताते हुए कहा कि किसी भी दुर्घटना, अपराध, विवाद या अन्य आपात स्थिति में तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को सुना तथा उनके त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि बीट पुलिसिंग का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षा की भावना विकसित करना और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....