डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: अगर आप जमशेदपुर के कदमा इलाके में रहते हैं और आपका नाम अब तक वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ा है, या उसमें कोई सुधार होना है, तो यह खबर आपके काम की है। निर्वाचन आयोग के मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत प्रशासनिक अमला पूरी तरह रेस हो गया है। शुक्रवार को कोल्हान प्रमंडल के कमिश्नर रवि रंजन कुमार बिक्रम और जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने खुद कदमा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि इस अभियान के दौरान एक भी योग्य मतदाता का नाम छूटने नहीं दिया जाएगा।
अधिकारियों ने इन बूथों का किया औचक निरीक्षण
कमिश्नर और उपायुक्त ने संयुक्त रूप से कदमा के प्रमुख स्कूलों में बने बूथों का जायजा लिया।
DBMS, कदमा: बूथ संख्या 102, 103 और 104
जुस्को स्कूल, कदमा: बूथ संख्या 106, 107, 108 और 109
BLO को मिले कड़े निर्देश: घर-घर पहुंचकर सुनिश्चित करें शत-प्रतिशत कवरेज
निरीक्षण के दौरान दोनों बड़े अधिकारियों ने बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा भरे जा रहे प्रपत्रों और आम लोगों से संपर्क की स्थिति की समीक्षा की। कमिश्नर और DC ने बीएलओ को निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन होना चाहिए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य वोटर लिस्ट को पूरी तरह से त्रुटिरहित, अपडेटेड और समावेशी बनाना है। नए योग्य नागरिकों के नाम जोड़ना, शिफ्ट हो चुके या अपात्र लोगों के नाम नियमानुसार हटाना और जरूरी सुधार का काम पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा होना चाहिए।
आम जनता से भी की बात, नाम सत्यापित करने की अपील
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बूथों पर मौजूद आम मतदाताओं से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद आगे आकर मतदाता सूची में अपने और अपने परिवार के नाम का सत्यापन कर लें। अगर कोई गड़बड़ी है या नाम छूटा हुआ है, तो निर्धारित फॉर्म भरकर तुरंत आवेदन करें ताकि समय रहते उसे सुधारा जा सके। संबंधित बीएलओ और सुपरवाइजरों को चेतावनी दी गई है कि आवेदनों के निष्पादन में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

