धनबाद के वासेपुर इलाके में शनिवार को गैंगस्टर प्रिंस खान के ठिकाने पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान डीएसपी, थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन की टीम गाजे-बाजे के साथ वासेपुर पहुंची और बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे, जबकि पुलिस ने पूरे इलाके की निगरानी बनाए रखी।
इस कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर एक्शन शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया गया। इस कार्रवाई को लेकर इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
उल्लेखनीय है कि बीते दिन ही निरसा विधायक अरूप चटर्जी को कथित तौर पर गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से कॉल और मैसेज के माध्यम से धमकी दी गई थी। उन्हें 24 घंटे का अल्टीमेटम देने का दावा किया गया था। इस मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो और वीडियो संदेश भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद विधायक ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी थी।
ऐसे में धमकी की घटना के अगले ही दिन हुई यह बुलडोजर कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, प्रशासन की ओर से फिलहाल यह आधिकारिक तौर पर नहीं कहा गया है कि यह कार्रवाई धमकी प्रकरण से जुड़ी है।

