तोपचांची से आए परिवार से की सीधी बातचीत, इलाज, दवाओं और अस्पताल की व्यवस्था का लिया जायजा।
धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने शनिवार को एमटीसी सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम से पूर्व अस्पताल के एमएनसीयू (मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड में भर्ती नवजात शिशुओं को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से तोपचांची प्रखंड से इलाज के लिए आए एक नवजात शिशु के परिजनों से मुलाकात कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि बच्चे का समय पर उपचार किया जा रहा है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी संतोष जताया।
उपायुक्त ने अधिकारियों और चिकित्सा कर्मियों को निर्देश दिया कि एमएनसीयू में भर्ती प्रत्येक नवजात को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश भी दिए।

