डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन इन दिनों रेस है। इसी कड़ी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को रफ्तार देने और आम जनता को जागरूक करने के लिए जमशेदपुर के दो बड़े जनप्रतिनिधियों ने खुद आगे बढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने इस अभियान में हिस्सा लेते हुए एक मिसाल पेश की है। बूथ लेवल ऑफिसर ने दोनों विधायकों से मुलाकात कर उन्हें गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया, जिसके बाद सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए दोनों विधायकों ने भरा हुआ प्रपत्र बीएलओ को सौंप दिया। इस दौरान मौके पर संबंधित निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी भी मुस्तैद रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अपील: सक्रिय बनें, सूची को शुद्ध बनाएं
सभी पात्र मतदाता इस विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ या तय माध्यमों से जरूर जमा करें, ताकि एक अपडेट और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
क्या है इस अभियान का मुख्य उद्देश्य?
अपडेट सूची: मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट करना।
त्रुटिहीन डेटा: नाम, पते या अन्य जानकारियों में मौजूद गलतियों को सुधारना।
शत-प्रतिशत भागीदारी: सभी योग्य नागरिकों का नाम वोटर लिस्ट में शामिल करना।

