देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में जमकर बारिश हो रही है। रात से शुरू हुई बारिश का दौर सुबह भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जल भराव हो गया है। कुछ लोगों के घरों में भी पानी घुस गया है। वेस्ट विनोद नगर, मयूर विहार, लक्ष्मी नगर, आईटीओ, कनॉट प्लेस, आनंद विहार, लाजपत नगर, रोहिणी समेत कई इलाकों में गाड़ियों की लंबी कतार लग गई है। सुबह ऑफिस जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश ने प्रचंड रूप लिया
दिल्ली एनसीआर में रात से ही लगातार बारिश हो रही है। हालांकि, सुबह होते ही बारिश ने प्रचंड रूप ले लिया और मूसलाधार पानी बरसने लगा। इससे पूरे एनसीआर में सुबह कई घंटे तक अंधेरा छाया रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार आसमान से करीब ढ़ाई घंटे में ही इतना पानी बरसा है, जितना मानसून आने के बाद से पिछले दो दिनों में नहीं बरसा।
पूरे दिन भारी बारिश का अनुमान
भारत मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 9 जुलाई की सुबह करीब 3 घंटे में काफी ज्यादा पानी बरसा है। सुबह ढ़ाई बजे से सुबह साढ़े 5 बजे तक कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। वहीं अभी भी आईएमडी ने पूरे दिन भारी बारिश का अनुमान जताया है। गुरुवार को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, सोनीपत, बागपत सहित कई शहरों में मॉडरेट बारिश होने का अनुमान है।
आज के लिए यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री तथा न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

