पलामू: पलामू जिले के चियांकी में हाईवे निर्माण कार्य को लेकर गुरुवार सुबह उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब प्रशासनिक टीम और विरोध कर रहे ग्रामीणों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें कई ग्रामीणों के साथ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, हाईवे निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन ने पहले से ही क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर रखी थी। इसके बावजूद कुछ स्थानीय ग्रामीण निर्माण कार्य का विरोध कर रहे थे। गुरुवार सुबह जब प्रशासनिक टीम निर्माण स्थल पर पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते पथराव में बदल गई।
घटना में जैप (JAP) के एक जवान के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि एक महिला सहायक पुलिसकर्मी के पैर में चोट लगी है। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मी और ग्रामीण भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
एसडीएम संजय कुमार पांडे ने बताया कि हाईवे निर्माण कार्य को लेकर संबंधित पक्षों को पहले ही सूचना दी जा चुकी थी। मुआवजे सहित अन्य मुद्दों पर पूर्व में बातचीत भी हुई थी और क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 लागू थी। इसके बावजूद कुछ लोगों ने पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रशासन का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

