NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी का औचक निरीक्षण, गुमला हाईवे परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य पर जोर

KK Sagar
3 Min Read

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने गुरुवार को परियोजना कार्यान्वयन इकाई (PIU) गुमला के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पलमा–गुमला खंड (NH-43, पुराना NH-23) के संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों तथा छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा–गुमला खंड (NH-43) के निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

पलमा–गुमला खंड के निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय अधिकारी ने सड़क के दोनों किनारों, मीडियन और शोल्डर को बेहतर स्थिति में रखने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिले और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। उन्होंने सोलर ब्लिंकर, हैज़र्ड मार्कर, डेलिनेटर, स्टॉप साइन सहित सभी सड़क सुरक्षा उपकरणों का भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC) के मानकों के अनुसार निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा रोड मार्किंग, कर्ब एवं क्रैश बैरियर की पेंटिंग कराने तथा मानसून के दौरान शेष वृक्षारोपण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद क्षेत्रीय अधिकारी ने छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा–गुमला खंड के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। समीक्षा के दौरान परियोजना की भौतिक प्रगति 8.38 प्रतिशत पाई गई। उन्होंने निर्माण एजेंसी को पर्याप्त मशीनरी, जनशक्ति और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन फ्लाईओवर, तटबंध और मिट्टी कार्यों की भी समीक्षा की गई। क्षेत्रीय अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य स्वीकृत डिजाइन, तकनीकी मानकों और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के प्रावधानों के अनुरूप ही किए जाएं। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इंटेलिजेंट कम्पैक्शन मॉनिटरिंग (ICM) सिस्टम के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। वहीं, स्वतंत्र अभियंता को परियोजना की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी करते हुए किसी भी कमी की तत्काल सूचना NHAI को देने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के बाद क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग केवल सड़क नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षित और सुगम यात्रा का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण की गुणवत्ता, सड़क सुरक्षा और समयबद्ध कार्य NHAI की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी निर्माण एजेंसियों को निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन करते हुए तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि NHAI सभी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की नियमित निगरानी कर रहा है, ताकि प्रत्येक परियोजना निर्धारित गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तय समय-सीमा के अनुरूप पूरी हो तथा लोगों को सुरक्षित, बेहतर और आधुनिक राजमार्ग सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....