​टाटा स्टील और TSUISL का नया ‘शॉक’: 17% तक बिजली बिल बढ़ाने की तैयारी, जानें कितना बढ़ेगा आपका बिल

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: अगर आप जमशेदपुर या सरायकेला-खरसावां के निवासी हैं, तो आने वाले दिनों में आपकी जेब पर बोझ और बढ़ने वाला है। अभी बीते 1 अप्रैल को ही नई बिजली दरें लागू हुई थी और महज तीन महीने बीतने के बाद एक बार फिर बिजली महंगी करने की तैयारी शुरू हो गई है। टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल ने झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के समक्ष एक रिव्यू पिटीशन दायर की है। इसमें बिजली की दरों को 12 से 17 फीसदी तक बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया है।

क्यों आ रही है बिजली बिल में बढ़ोतरी की नौबत?
​कंपनियों ने आयोग के सामने दलील दी है कि उन्हें बिजली डिस्ट्रीब्यूशन में भारी घाटा और रेवेन्यू गैप का सामना करना पड़ रहा है। टाटा स्टील का दावा है कि उन्हें करीब 36.92 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा है। टाटा स्टील यूआईएसएल के मुताबिक उनका रेवेन्यू गैप लगभग 161.24 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।कंपनियों का कहना है कि इस भारी-भरकम घाटे की भरपाई के लिए टैरिफ में बढ़ोतरी करना बेहद जरूरी हो गया है।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल दोनों कंपनियों ने इससे पहले भी बिजली दरें बढ़ाने की इजाजत मांगी थी, लेकिन मार्च 2026 में आयोग ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए खारिज कर दिया था। इसके बाद 1 अप्रैल से नया टैरिफ लागू किया गया, जिसमें जमशेदपुर में 4.27% और सरायकेला-खरसावां में 2.58% की मामूली बढ़ोतरी हुई थी।
​अब कंपनियों ने टैरिफ ऑर्डर में किसी भी तरह की टाइपिंग या छोटी-मोटी गलतियों को ठीक करने के प्रावधान का सहारा लेते हुए फिर से आयोग का दरवाजा खटखटाया है।

जनता से मांगी गई हैं आपत्तियां
झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग ने इस याचिका पर सुनवाई शुरू कर दी है। राहत की बात यह है कि अंतिम फैसला लेने से पहले आयोग ने आम जनता और उपभोक्ताओं से उनकी आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं।

वर्तमान में कितनी है बिजली की दर?
​अगर बात करें मौजूदा बिजली दरों की, तो टाटा स्टील के घरेलू उपभोक्ताओं को 100 यूनिट तक के लिए ₹4 एनर्जी चार्ज और ₹3.30 फिक्स्ड चार्ज देना पड़ता है, जबकि 100 यूनिट से ऊपर होने पर यह दर ₹7.50 एनर्जी चार्ज और ₹5.50 फिक्स्ड चार्ज हो जाती है। वहीं कमर्शियल श्रेणी के लिए एनर्जी चार्ज ₹15 और फिक्स्ड चार्ज ₹6.50 है। दूसरी ओर टाटा स्टील यूआईएसएल के शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए वर्तमान में ₹3.40 एनर्जी चार्ज और ₹80 फिक्स्ड चार्ज लागू है, जबकि ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं के लिए ₹3.06 एनर्जी चार्ज और ₹45 फिक्स्ड चार्ज तय है। शहरी कमर्शियल उपभोक्ताओं को फिलहाल ₹4.30 एनर्जी चार्ज और ₹155 फिक्स्ड चार्ज देना होता है। अगर आयोग कंपनियों के इस 12-17% बढ़ोतरी वाले नए प्रस्ताव को मंजूरी दे देता है, तो घरेलू से लेकर कमर्शियल और इंडस्ट्रियल, सभी उपभोक्ताओं के मंथली बजट पर सीधा असर पड़ेगा।

Share This Article