धनबाद: बाघमारा प्रखंड अंतर्गत कतरास के छाताबाद फुटबॉल ग्राउंड के समीप हाल ही में हुई भू-धंसान की घटना के बाद शनिवार को धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर भू-धंसान से उत्पन्न स्थिति एवं उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-2 के पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी एवं वार्ड संख्या-5 की पार्षद निरुपमा देवी भी मौजूद रहीं। जनप्रतिनिधियों ने मेयर को भू-धंसान से क्षेत्र में बने खतरे, लोगों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं तथा प्रभावित परिवारों की समस्याओं से अवगत कराया।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रभावित इलाके की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, भू-धंसान की आवश्यक तकनीकी जांच कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और नगर निगम प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

