जसीडीह स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान हादसा, धनबाद के युवक का पैर कटा; रिम्स रेफर

KK Sagar
2 Min Read

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की हालत गंभीर

धनबाद: बलियापुर थाना क्षेत्र के आमटाल निवासी लक्ष्मण सिंह जसीडीह रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से वे ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनका दाहिना पैर कट गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) धनबाद लाया गया। शनिवार को उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

घायल की चाची रुक्मणी देवी ने बताया कि पूरा परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जसीडीह गया था। शुक्रवार को घर लौटने के दौरान लक्ष्मण सिंह ट्रेन में चढ़ रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनका दाहिना पैर कट गया।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एसएनएमएमसीएच धनबाद भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया।

परिजनों ने बताया कि लक्ष्मण सिंह पेशे से राजमिस्त्री हैं और परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य हैं। इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और सभी उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....