मेदिनीनगर, 13 जुलाई: स्थानीय होटल निरवाना रेड में रविवार को लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर का स्थापना (इंस्टॉलेशन) समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष लायन गुरबीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, चिकित्सकों, गणमान्य नागरिकों तथा क्लब के सदस्यों एवं उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए डॉ. रवीश कुमार (न्यूरोसर्जन) ने अध्यक्ष, परिमल प्रसून ने सचिव तथा मनोज कुमार सोनी ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। मुख्य अतिथि जिला गवर्नर लायन शुभ्रा मजूमदार की उपस्थिति में इंस्टॉलिंग ऑफिसर लायन राहुल वर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पूर्व जिला गवर्नर सिद्धार्थ मजूमदार, प्रथम जिला उपपाल कंचन साहू, जनरल चेयरपर्सन रविंद्र जायसवाल सहित विभिन्न लायंस क्लबों, रेड क्रॉस सोसाइटी, पलामू क्लब और कई सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला गवर्नर सिद्धार्थ मजूमदार ने डॉ. आनंद मोहन को क्लब की सदस्यता दिलाते हुए उनका औपचारिक इंडक्शन कराया।
सेवा कार्यों को और व्यापक बनाने का आह्वान
मुख्य अतिथि शुभ्रा मजूमदार ने कहा कि लायंस क्लब मेदिनीनगर जिले की सबसे सक्रिय और युवा टीमों में शामिल है। क्लब लगातार समाजहित में प्रेरणादायी कार्य कर रहा है, जिससे लोगों की अपेक्षाएँ भी बढ़ी हैं। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण और पूर्व जिला गवर्नर सिद्धार्थ मजूमदार ने कहा कि शहर के सभी लायंस क्लब मिलकर सेवा कार्यों का दायरा और बढ़ाएंगे। उन्होंने चैनपुर स्थित लायंस अस्पताल को पुनः सक्रिय करने और जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा रहेगी प्राथमिकता
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रवीश कुमार ने कहा कि उनके कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा शिक्षा, जरूरतमंदों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण, पशु-पक्षियों के संरक्षण तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए युवा एवं सक्रिय समाजसेवियों को लायंस परिवार से जोड़ने का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम का संचालन सचिव परिमल प्रसून ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन ऋषिकेश दुबे ने दिया। समारोह के बाद सामूहिक रात्रिभोज का आयोजन किया गया। वहीं लायन आकांक्षा जायसवाल के नेतृत्व में महिलाओं, बच्चों और सदस्यों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मनोरंजक खेलों का आयोजन भी हुआ, जिसका सभी उपस्थित लोगों ने आनंद लिया।
इस अवसर पर डॉ. अभय कुमार, डॉ. उदय कुमार, डॉ. अमित कुमार, डॉ. सत्य प्रकाश सिंह, रंजन अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, अनूप कुमार, प्रदीप नारायण, विकास शेट्टी, निलेश चंद्र, श्रीकांत कुमार, राघवेंद्र सिंह, लिली मिश्रा सहित क्लब के सभी सदस्य एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

