बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने नामांकन दाखिल कर दिया है। इस सीट से जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी पर्चा दाखिल कर दिया। अब 30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे और 3 अगस्त 2026 को काउंटिंग के बाद बांकीपुर को अपना नया विधायक मिल जाएगा।
नीरज सिन्हा के नामांकन में शामिल हुए सीएम सम्राट चौधरी
बांकीपुर से बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा के नामांकन में सीएम सम्राट चौधरी भी शामिल हुए। सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सहित एनडीए के अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नामांकन के बाद क्या बोले नीरज कुमार सिन्हा?
भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि बांकीपुर की जनता और हमारे पार्टी के कार्यकर्ता नेता हमारे साथ हैं और जीत हमारी ही होगी। भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि भाजपा अपने काम की बदौलत 31 साल से यहां जनता की आंखों का तारा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने अपने विधायक को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते देखा है और अब उनके सामने एक कार्यकर्ता आगे बढ़ाया जा रहा है।
नामांकन से पहले बाबा हरिहरनाथ के दरबार पहुंचे पीके
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले जन सुराज के संस्थापक एवं प्रत्याशी प्रशांत किशोर सोमवार सुबह सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद लिया। धार्मिक दर्शन के बाद वह पटना के लिए रवाना हुए। प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में जीत और हार का फैसला पूरी तरह जनता के हाथ में है। उन्होंने कहा कि अगर जीत-हार हमारे हाथ में होती तो पिछले विधानसभा चुनाव में जन सुराज को हार का सामना नहीं करना पड़ता। हमारा काम ईमानदारी से जनता के सामने एक विकल्प रखना है। अब यह जनता तय करेगी कि वह हमें चुनती है या किसी अन्य दल के उम्मीदवार को।

