राहुल बच्चा मर्डर केस: ठिकाने बदल-बदल कर पुलिस को छका रहा था मुख्य आरोपी, SIT ने ऐसे बिछाया जाल कि हिल गया पाताल

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : मानगो के बहुचर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस की स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हत्या के बाद से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा मुख्य प्राथमिकी आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया है। SIT ने तकनीकी सर्विलांस और सटीक मानवीय इनपुट के आधार पर बिरसानगर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी विक्की ने राहुल बच्चा की बेरहमी से की गई हत्या में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है।

3 साल में 3 गंभीर अपराध, पुलिस के लिए सिरदर्द बना था ‘बल्लू’
​विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव कोई नौसिखिया अपराधी नहीं है, बल्कि वह जमशेदपुर पुलिस की फाइलों में एक हिस्ट्रीशीटर के रूप में दर्ज है। पुलिस जांच में जो चौंकाने वाला आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है, वह शहर की कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला है।
​साल 2022: सिदगोड़ा थाना में पहला गंभीर मामला दर्ज हुआ।
​साल 2023: मानगो (ओल्डीह) थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास जैसा संगीन जुर्म किया।
​साल 2025: सरकारी काम में बाधा डालने और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत पुलिस ने मामला दर्ज किया।
​लगातार तीन सालों से अलग-अलग थानों में मामले दर्ज होने के बावजूद विक्की सिंह खुलेआम घूम रहा था और आखिरकार 8 जुलाई को उसने राहुल बच्चा की हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।

क्या था पूरा मामला?
8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे मानगो के गुरुद्वारा रोड पर राहुल बच्चा पर पत्थरों, लाठियों और डंडों से जानलेवा हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। मृतक के भाई राजा के बयान पर मानगो थाना में कांड संख्या 145/2026 दर्ज की गई थी।

SSP के निर्देश पर बनी SIT ने 4 दिनों में ढहाया विक्की का किला
​वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी की निगरानी और सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी के नेतृत्व में एक हाई-टेक SIT का गठन किया गया था। विक्की लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन SIT ने वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से 12 जुलाई को उसकी फरारी का अंत कर दिया।

अब तक 5 शिकारी सलाखों के पीछे, बाकी की उल्टी गिनती शुरू
​राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस अब तक चौतरफा कार्रवाई कर चुकी है। विक्की सिंह से पहले इस केस में शामिल 4 अन्य आरोपियों साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्त उर्फ बंगाली, अर्ताब अली बाबा, अमरजीत प्रसाद उर्फ पांडेय को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।

आगे क्या?
विक्की सिंह की गिरफ्तारी के बाद इस मर्डर मिस्ट्री में जेल जाने वालों की संख्या 5 हो गई है। सिटी एसपी ललित मीणा के मुताबिक इस हत्याकांड में शामिल कुछ और संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए SIT लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी बचे चेहरे भी सलाखों के पीछे होंगे।

Share This Article