चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार (पटना) की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पहली बार चुनावी मैदान में उतरे प्रशांत किशोर की ओर से दाखिल हलफनामे से उनकी अकूत संपत्ति का पूरा लेखा-जोखा सामने आया है।
पीके के पास 198 करोड़ की पारिवारिक नेट वर्थ
हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर के पास कुल 198 करोड़ की पारिवारिक नेट वर्थ है, जिसमें उनकी पत्नी डॉ जाह्नवी दास और एक आश्रित (बेटे) की संपत्तियां भी शामिल हैं। इस कुल संपत्ति में बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट, शेयर बाजार निवेश, करोड़ों के आवासीय भवनों के साथ-साथ रोहतास में एक बंद पड़ी राइस मिल भी शामिल है।
पत्नी जाह्नवी दास के पास 112 करोड़ की संपत्ति
हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने अपने नाम 96.06 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की। वहीं उनकी पत्नी जाह्नवी दास के पास करीब 112 करोड़ की संपत्ति है। प्रशांत किशोर के पास 22 करोड़ 19 लाख 74 हजार 976 की चल संपत्ति है, उनकी पत्नी के पास 89 करोड़ की चल संपत्ति है। प्रशांत किशोर के पास 73 करोड़ और उनकी पत्नी के पास 12 करोड़ की अचल संपत्ति है. प्रशांत किशोर को उनकी पत्नी जाह्नवी ने 41 लाख रुपये दिए हैं। वहीं प्रशांत किशोर ने अपनी कंपनी वेधा वेंचर्स को 8 करोड़ 31 लाख का लोन दिया है।
पीके पास 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की एफडी
नामांकन के दौरान दिए गए शपथपत्र से पता चलता है कि प्रशांत किशोर के पास 65 हजार 570 रुपये और उनकी पत्नी के पास 1 लाख 95 हजार 200 रुपये कैश है। इन्होंने 63 लाख रुपये से अधिक के शेयर खरीदे हैं और 1.24 करोड़ रुपये का म्यूचुअल फंड में निवेश किया है। प्रशांत किशोर के पास 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), लाइफ इंश्योरेंस में 5.34 करोड़ रुपये और पोस्ट ऑफिस के PPF में 58.75 लाख रुपये का निवेश है।
गुवाहाटी से लेकर नोएडा तक प्रॉपर्टी
पीके के पास 1.35 लाख की पन्ने वाली सोने की अंगूठी है। उनकी पत्नी के पास वेधास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड में 95.26 करोड़ के बुक वैल्यू के शेयर और 64.58 लाख के सोने-चांदी के आभूषण हैं। अचल संपत्तियों में बिहार के रोहतास में 9.75 करोड़ की एक बंद पड़ी राइस मिल शामिल है। इसके अलावा पटना, नई दिल्ली, गाजियाबाद, बक्सर में आवासीय भवन और रोहतास में पैतृक घर का हिस्सा है, जिसमें 59.25 करोड़ की स्वयं अर्जित और 14.62 करोड़ की विरासत में मिली संपत्तियां हैं। वहीं, उनकी पत्नी के पास गुवाहाटी में 2 फ्लैट हैं।

