धनबाद – बैग में छिपाकर ले जा रहा था अंग्रेजी शराब, RPF ने स्टेशन पर पकड़ा तो मिला 12 बोतल Blenders Pride

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन से 12 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड (Blenders Pride) ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान शराब के साथ एक 16 वर्षीय किशोर को निरुद्ध कर आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद के हवाले कर दिया गया।

आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7:55 बजे वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में गठित स्पेशल टास्क टीम, आरपीएफ पोस्ट धनबाद एवं सीआईबी की संयुक्त टीम स्टेशन के कालका छोर की ओर गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 के फुटओवर ब्रिज के नीचे एक किशोर कंधे पर बैग लिए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।

पूछताछ के दौरान किशोर ने बैग में शराब होने की बात स्वीकार की। उसकी सहमति से बैग की तलाशी लेने पर 750-750 मिलीलीटर की 12 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 9 लीटर तथा कुल कीमत 14,400 रुपये आंकी गई। सभी बोतलों पर “FOR SALE IN JHARKHAND ONLY” अंकित था।

शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर किशोर कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरपीएफ ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर शराब जब्त कर ली और किशोर को मानवाधिकार संबंधी सभी नियमों का पालन करते हुए निरुद्ध किया। उसकी सूचना परिजनों को भी दी गई।

आरपीएफ ने बरामद शराब, जब्त सामान और किशोर को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद निरीक्षक, धनबाद के सुपुर्द कर दिया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....