RBSK के तहत स्वास्थ्य परीक्षण, मलेरिया, हीमोग्लोबिन, बीपी, दंत व दृष्टि जांच के साथ किशोर स्वास्थ्य पर किया गया जागरूक।
बाघमारा: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में तीसरे दिन भी स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाघमारा की चिकित्सा टीम द्वारा आयोजित इस शिविर में छात्राओं की स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक उपचार एवं चिकित्सीय परामर्श भी प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान छात्राओं का पंजीकरण कर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा मलेरिया जांच (एमपी टेस्ट), हीमोग्लोबिन (Hb), रक्तचाप (BP), दंत परीक्षण और दृष्टि परीक्षण भी किया गया। चिकित्सा टीम ने छात्राओं को किशोर स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम और किशोरावस्था में बरती जाने वाली स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की भी जानकारी दी।
आरबीएसके चिकित्सकों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (CHO) ने छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह शिविर सोमवार से शुरू हुआ है और शनिवार तक चलेगा। तीसरे दिन 225 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि अब तक 900 छात्राओं की जांच पूरी की जा चुकी है। जरूरतमंद छात्राओं को आवश्यक उपचार और चिकित्सीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों और किशोरियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना, समय पर उपचार उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

