देश की आज मिलेगी पहली हाइड्रोजन ट्रेन, पीएम मोदी हरियाणा से दिखाएंगे हरी झंडी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

आज भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुंभारंभ होगा। पीएम मोदी जींद-सोनीपत रूट पर चलने वाली पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ट्रेन से जुड़ी कई सारी खास बातें हैं। सबसे पहले तो इस ट्रेन को पूरी तरह भारत में ही तैयार किया गया है। आम ट्रेनों की तरह इसे डीजल से चलाने की बजाय हाइड्रोजन फ्यूल से चलाया जाएगा।

आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में बड़ी उपलब्धि

बुधवार को प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्रेन की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन हरियाणा से परिचालन के लिए तैयार है। इन तस्वीरों में ट्रेन का आधुनिक डिजाइन और अत्याधुनिक तकनीक दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ट्रेन भारतीय रेलवे की तकनीकी प्रगति और आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

अपनी खुद की बिजली पैदा करती है ट्रेन

नई हाइड्रोजन-संचालित ट्रेन और सहायक रीफ्यूलिंग बुनियादी ढांचा टिकाऊ, आत्मनिर्भर रेल परिवहन की दिशा में देश के प्रयासों को प्रदर्शित करता है। ऊपर से गुजरने वाले बिजली के तारों पर निर्भर पारंपरिक इलेक्ट्रिक ट्रेनों के विपरीत हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन अपनी खुद की बिजली पैदा करती है यानी यह ट्रेन ऊर्जा स्रोत खुद ही साथ लेकर चलती है। 

75 किलो मीटर प्रति घंटे के रफ्तार से दौड़ेगी

ये ट्रेन फिलहाल जिंद-सोनीपत रूट पर 75 किलो मीटर प्रति घंटे के रफ्तार से ट्रैक पर दौड़ेगी। रेल मंत्रालय के मुताबिक ये ट्रेन जींद से सुबह 7:40 बजे रवाना होगी और 9:40 बजे सोनीपत पहुंच जाएगी।  इसके अलावा सोनीपत से 10:40 बजे ट्रेन रवाना होगी और दोपहर 1 बजे ही जींद पहुंच जाएगी।

एक बार में 26 सौ यात्री कर सकेंगे सफर

हाइड्रोजन ट्रेन जींद सिटी, पांडू पिंडारा, ललित खेड़ा, भांपेगा, लाठ, मोहना, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खांडराई, गोहाना, राबड़ा, बरवासनी स्टेशनों पर भी रुकेगी। कैपेसिटी की बात करें तो इस ट्रेन में कुल 10 कोच हैं। इनमें 8 यात्री कोच और 2 हाइड्रोजन पावर कोच शामिल हैं। ट्रेन में एक बार में करीब 2,600 यात्री सफर कर सकते हैं।

Share This Article