दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को पुलिस शनिवार सुबह अस्पताल ले गई।वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने गंभीर आरोप लगाया है। दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक पर हमला किया गया। दीपके ने कहा कि सरकार प्रदर्शन को खत्म कराना चाहती है।
गुंडों ने सोनम सर पर हमला करने की कोशिश की- दीपके
दीपके ने ट्वीट में कहा- जंतर-मंतर पर गुंडों ने सोनम सर पर हमला करने की कोशिश की। उन पर कोई वस्तु फेंकी गई, लेकिन सौभाग्य से उन्हें चोट नहीं आई। कुछ दिन पहले, पुलिस के एक अंदरूनी सूत्र से मिली जानकारी के आधार पर मैंने चेतावनी दी थी कि जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन को बाधित करने के लिए लोगों को भेजा जाएगा। अगर सोनम सर को कुछ भी होता है, तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी, क्योंकि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन को खत्म करने की स्पष्ट योजना है।
छात्रों पर लाठीचार्ज का भी आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि पुलिस ने सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके को उनके ठहरने की जगह पर रोक दिया है। साथ ही सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाया गया है। उन्होंने छात्रों पर लाठीचार्ज का भी आरोप लगाया।
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
वहीं, नई दिल्ली के डीसीपी ने एक्स पर जानकारी दी कि दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत की वजह से उन्हें जरूरी मेडिकल केयर के लिए हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए प्रदर्शनकारियों ने रुकावट डालने की कोशिश की, जिसमें थोड़ा हंगामा हुआ, लेकिन पुलिस ने बहुत कंट्रोल रखा और सुरक्षित तरीके से काम पूरा किया। हम जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों से रिक्वेस्ट करते हैं कि वे जल्द से जल्द शांति से जगह खाली कर दें।
सोनम की गिरती सेहत को देख पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
बता दें कि सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे हैं। जंतर मंतर पर लंबे समय से हंगर स्ट्राइक करने के चलते सोनम वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। उनका वजन 9 किलोग्राम से भी ज्यादा कम हो गया था। हालात ऐसे हो गए थे कि तकरीबन तीन सप्ताह तक अन्न त्याग करने के चलते मांसपेशियां तक कमजोर होने लगी थीं। हालांकि, डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजरें बनाए हुए थी। अब आखिरकार पुलिस ने सोनम की गिरती सेहत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है।

