पटना में सदाकत आश्रम के बाहर बीजेपी और कांग्रेस नेताओं में जमकर मारपीट, जमकर चलीं लाठियां  

Neelam
By Neelam
2 Min Read

प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी सहित विपक्ष के नेताओं के धरना के बाद आज पटना में बीजेपी ने विरोध में मार्च निकाला। इसी दौरान उनकी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ समय झड़प हो गई। बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करने पहुंचे। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव और लाठीबाजी शुरू हो गई।

सदाकत आश्रम के सामने भिड़ंत

बीजेपी ने राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए पटना में जुलूस निकाला था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में यह जुलूस निकाला गया। पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस के बिहार प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम के मुख्य द्वार तक पहुंचे। इस दौरान उनके हाथों में राहुल गांधी और कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाने वाले पोस्टर और बैनर थे।

दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी और लाठी-डंडों की बौछार

कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

एक दूसरे पर लगा रहे मारपीट का आरोप

इस बवाल में कांग्रेस के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं तो वहीं बीजेपी के भी कई कार्यकर्ताओं को चोट लगी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से यह सब हुआ है। पुलिस एकतरफा काम कर रही थी। उधर बीजेपी के कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम लोग सड़क पर आंदोलन करने के लिए आए थे, लेकिन कांग्रेस ने हमला कर दिया।

Share This Article