बाघमारा: भारत सरकार की ‘जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी’ के तहत कोयला चोरी, अवैध परिवहन और अवैध खनन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल धनबाद ने धनबाद कोयलांचल के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। यह अभियान एमएमडीआर अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत संचालित किया गया।
अभियान के दौरान प्रमुख चेक पोस्टों, रेलवे साइडिंग, कोयला डंप और परिवहन मार्गों पर नाकाबंदी कर कोयला लदे वाहनों के दस्तावेजों और परिवहन विवरण का गहन सत्यापन किया गया। साथ ही एम-परिवहन ऐप के माध्यम से वाहनों की वैधता की भी जांच की गई।
सीआईएसएफ ने एरिया-1 (बरोरा), एरिया-3 (गोविंदपुर), एरिया-4 (कतरास), एरिया-5 (सिजुआ), एरिया-6 (धनसार), एरिया-7 (पुटकी), एरिया-9 (बस्ताकोला), एरिया-10 (जेलगोरा), एरिया-11 (भौरा), एरिया-12 (बसंतीमाता) तथा बीके-II क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 203 वाहनों की जांच की। इनमें से 130 वाहनों का एम-परिवहन ऐप के माध्यम से सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान सभी वाहनों के दस्तावेज और परिवहन संबंधी रिकॉर्ड निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। किसी भी क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन या संदिग्ध गतिविधि का मामला सामने नहीं आया।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए इस तरह के विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि कोयला क्षेत्र में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

