अवैध कोयला भंडारण पर सीआईएसएफ का बड़ा प्रहार: लोयाबाद के झिल्ली ग्राउंड के पास 140 टन कोयला जब्त

KK Sagar
2 Min Read

बाघमारा: बीसीसीएल के एरिया-5 सिजुआ क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोयाबाद स्थित झिल्ली ग्राउंड के पास करीब 140 टन अवैध कोयला बरामद किया है। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस और बीसीसीएल प्रबंधन की टीम भी मौजूद रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ के डीआईजी राजीव मिश्रा के निर्देश एवं मार्गदर्शन में खुफिया सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़ी मात्रा में अवैध रूप से जमा कोयला बरामद किया, जिससे अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

बरामद कोयले के संबंध में सीआईएसएफ ने आगे की कानूनी एवं विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में एमएमडीआर (MMDR) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि झिल्ली ग्राउंड के पास मिला कोयला कहां से लाया गया था। यह भी जांच की जा रही है कि कोयला किसी खदान से अवैध रूप से निकाला गया या फिर कहीं और से लाकर यहां डंप किया गया था। साथ ही अवैध परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

सीआईएसएफ ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, परिवहन या भंडारण जैसी गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....