धनबाद/हजारीबाग: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने हजारीबाग टाउन पोस्ट क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नल (IBS) से लगातार कॉपर केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान गिरोह के चार सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ी (रिसीवर) को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से रेलवे में दर्ज सात चोरी के मामलों का भी सफल उद्भेदन हुआ है।
RPF के अनुसार, 27 जुलाई की रात नियंत्रण कक्ष और सिग्नल विभाग से सूचना मिली कि हजारीबाग टाउन और बेस स्टेशन के बीच स्थित IBS में कुछ लोग रेलवे के कॉपर केबल काट रहे हैं। सूचना मिलते ही RPF, अपराध आसूचना शाखा (CIB) और अन्य टीमों ने मौके पर घेराबंदी की। छापेमारी के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से रेलवे का कॉपर केबल और केबल काटने में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले भी रेलवे के विभिन्न IBS स्थलों से कॉपर केबल चोरी कर चुके हैं। चोरी का सामान गया जिले के वजीरगंज स्थित कबाड़ी अजय कुमार कसेरा को बेचा जाता था। इसके बाद RPF, CIB धनबाद, RPF कोडरमा, CIB गया और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कबाड़ी दुकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई में अजय कुमार कसेरा और राजू कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि पटना के अगमकुआं क्षेत्र का कबाड़ी गौरी शंकर फरार हो गया।
छापेमारी के दौरान कुल करीब 37 किलोग्राम रेलवे की कॉपर स्ट्रिप और कॉपर वायर बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 55,500 रुपये बताई गई है। साथ ही इंटरलॉकिंग की, गैती, कुल्हाड़ी, हेक्सा ब्लेड, पेचकस और वायर कटर समेत कई उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
RPF ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम, 1966 की धारा-3 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान आरोपियों के बयान के आधार पर पहले से दर्ज कांड संख्या 02/2026 से 07/2026 तक के छह लंबित मामलों का भी खुलासा हो गया। पुलिस अब फरार आरोपी गौरी शंकर की तलाश में जुटी है।
RPF अधिकारियों ने बताया कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

