जमशेदपुर Alert: जादुगोड़ा CRPF कैंप के 2 जवानों को ‘ब्रेन मलेरिया’, 1 ICU में

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मानसून के साथ ही मलेरिया का प्रकोप तेजी से पांव पसारने लगा है। जादुगोड़ा स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात दो जवान और कूटलुंग गांव के एक युवक में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक जवान की हालत गंभीर बनी हुई है।

सीआरपीएफ जवानों और ग्रामीण की हालत
​अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने और तेज बुखार की शिकायत के बाद सीआरपीएफ जवान पिंटू कुमार और ओम प्रकाश पासवान को एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराया गया। जवान पिंटू कुमार की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें इमरजेंसी से आईसीयू में शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। ​जवान ओम प्रकाश मेडिकल वार्ड में भर्ती हैं और फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वहीं कूटलुंग गांव के निवासी वीरेन सबर को भी सोमवार को एमजीएम अस्पताल लाया गया था, जांच के बाद उनमें भी ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई है।

1 ही दिन में 36 नए मरीज, पोटका बना हॉटस्पॉट
​स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं।
कुल जांच: 8,591 लोगों के रक्त के नमूने लिए गए।
नए मरीज: 36 लोग मलेरिया से पीड़ित पाए गए।
मलेरिया के प्रकार: इनमें से 24 मरीज ब्रेन मलेरिया, 11 मरीज सामान्य मलेरिया और 1 मरीज मिक्स मलेरिया से पीड़ित है।
सबसे प्रभावित इलाका: अकेले पोटका प्रखंड में सबसे ज्यादा 11 मलेरिया के नए मामले सामने आए हैं।

सिविल सर्जन की चेतावनी: जांच में तेजी और सतर्कता के निर्देश
​मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को अलर्ट रहने और जांच अभियान में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए हैं। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि बरसात के मौसम में मलेरिया के मरीजों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। इसे देखते हुए सभी स्वास्थ्य कर्मी क्षेत्रों में सघन जांच चलाएं और आम लोगों को जलजमाव व मच्छरजनित बीमारियों के प्रति जागरूक करें।

Share This Article