सरायकेला पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरजिला बाइक चोर गिरोह के 3 शातिर दबोचे, चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : अगर आप भी बिना कागजात के सस्ती पुरानी बाइक खरीदने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। सरायकेला पुलिस ने जिले में सक्रिय एक ऐसे शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पलक झपकते ही आंगनों और पार्किंग से बाइक पार कर देता था। विशेष जांच दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर 5 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

17 जुलाई की चोरी से खुला राज
​पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि 17 जुलाई 2026 की रात जोरडीहा गांव निवासी लाल चांद सरदार के घर के आंगन से हीरो स्प्लेंडर बाइक गायब हो गई थी। इस चोरी के बाद सरायकेला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और जमीनी सुरागों के आधार पर जाल बिछाया, जिसके बाद गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26 वर्ष), करण बास्के (22 वर्ष), कृष्णा नाथ उर्फ दुखू (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की गिरफ्त में आए पुराने अपराधी
​पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। एसपी मनोज स्वर्गियारी के मुताबिक अख्तर अंसारी पर पहले से 5 और करण बास्के पर 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में इन आरोपियों ने सरायकेला के अलावा आसपास के अन्य जिलों में भी कई बाइक चोरियों में अपना हाथ होने की बात कबूल की है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
​पुलिस ने चोरी की गई स्प्लेंडर समेत कुल 5 गाड़ियां बरामद कर ली हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों को दबोचने और इनसे चोरी की गाड़ियां खरीदने वाले गिरोह तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Share This Article