धनबाद। 02 नवंबर 2026 को SCNL/DHN द्वारा शाम करीब 06:44 बजे सूचना दी गई कि निचितपुर लिंक लाइन स्थित रेलवे फाटक संख्या 3/SPL/T का हाईट गेज किसी वाहन की टक्कर से टूट गया है। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक राधा कुमारी और SSE/W/KTH गौरी शंकर ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि रेलवे फाटक के पूर्वी दिशा (राजगंज साइड) का हाईट गेज एक टेलर पर लदी लोडर मशीन से टकराकर टूट गया और टेलर में फंस गया।
हाइड्रा की मदद से हटाया गया टूटा हाईट गेज
घटना के बाद सुबह करीब 08:00 बजे संबंधित कर्मचारियों ने हाइड्रा की मदद से टूटे हुए हाईट गेज को हटाया। स्लाइडर बूम की सहायता से रेल परिचालन सामान्य रखा गया, जिसके कारण ट्रेनों का परिचालन बाधित नहीं हुआ। घटनास्थल पर रेलवे कर्मचारी राजेश कुमार, प्वाइंट्समैन निचितपुर ड्यूटी पर तैनात थे।
चालक ने स्वीकार की अपनी गलती
मौके पर रोके गए टेलर के चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रामविलास (उम्र करीब 33 वर्ष), पिता रवि शंकर पॉल, निवासी माहूलार, थाना लालगंज, जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) बताया। चालक ने बताया कि वह टेलर पर लोडर मशीन लेकर खड़गपुर से धनबाद आ रहा था। इस दौरान उसने फाटक के बोकारो तरफ के हाईट गेज को पार कर लिया, लेकिन राजगंज तरफ के हाईट गेज से लोडर मशीन टकरा गई। चालक ने अपनी गलती स्वीकार की।
टेलर जब्त, चालक गिरफ्तार
घटना के बाद उप निरीक्षक राधा कुमारी ने सुबह 08:30 बजे मौके पर टेलर को जब्त कर लिया और चालक रामविलास को गिरफ्तार कर लिया। संबंधित विभाग द्वारा रेलवे को हुई क्षति का आकलन 35 हजार रुपये किया गया। इस संबंध में संयुक्त रिपोर्ट भी तैयार की गई।
रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज, जांच शुरू
फाटक पर ड्यूटी में तैनात प्वाइंट्समैन राजेश कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर RPF पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 2880/26, दिनांक 02.11.2026 के तहत रेल अधिनियम की धारा 154 में चालक रामविलास के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक राधा कुमारी को सौंपी गई है।

