लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर ‘जेन-ज़ी’ (Gen Z) का खासा असर देखा जा रहा है। राहुल गांधी ने फ्रेंडशिप डे पर ‘Gen Z’ अवतार दिखाया। कांग्रेस सांसद ने ‘फ्रेंडशिप डे’ पर लोगों को कुछ अलग ही स्टाइल में बधाई दी।
‘फिंगर हार्ट’ बनाते हुए फ्रेंडशिप डे विश किया
राहुल गांधी ने कोरियन स्टाइल में ‘फिंगर हार्ट’ इमोजी का इस्तेमाल किया। उन्होंने हंसते हुए कहा कि इस इमोजी का मतलब भी उन्हें अभी अभी पता चला है। इंस्टाग्राम पर एक फ़ोटो शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, ‘अभी भी एक स्टूडेंट हूं, हर दिन कुछ नया सीख रहा हूं। आज का सबक: आज फ्रेंडशिप डे है और यह एक दिल है। सभी को फ्रेंडशिप डे की बधाई। ढेर सारा प्यार!’
क्या है ‘फिंगर हार्ट’ इमोजी
‘फिंगर हार्ट’ एक लोकप्रिय जेस्चर है जिसकी शुरुआत दक्षिण कोरिया में हुई थी और यह K-पॉप, K-ड्रामा और सोशल मीडिया के जरिए एक ग्लोबल इंटरनेट ट्रेंड बन गया है। इसे अंगूठे और तर्जनी उंगली को क्रॉस करके बनाया जाता है ताकि यह एक छोटे से दिल जैसा दिखे।
युवाओं से जुड़ने की लगातार कोशिश
राहुल गांधी बीते कुछ समय से छात्रों व युवाओं के मुद्दे पर लोगों से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस नेता सोशल मीडिया, अनौपचारिक बातचीत और युवाओं पर केंद्रित कैंपेन कर रहे हैं। छात्र आंदोलन के बाद से वह पेपर लीक व बेरोजगारी के मुद्दे पर मोदी सरकार पर हमलावर हैं। उन्होंने अपने कई भाषणों में सोशल मीडिया पोस्ट में जेन-जी का जिक्र किया है। उन्होंने भारत व विदेश में छात्रों से बातचीत की है।

