पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लोडेड देसी कट्टा, गांजा और नकदी के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

दो अलग-अलग ऑपरेशन में अवैध हथियार, 1.020 किलो गांजा, ₹17,600 नकद और दो बाइक बरामद

पलामू: जिले में अवैध हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपराटांड़ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोडेड देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 1.020 किलोग्राम गांजा, 17,600 रुपये नकद और दो बाइक बरामद की हैं। मामले की जानकारी एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता में दी।

एसडीपीओ ने बताया कि पहली कार्रवाई बहेरा बाजार में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि एक पल्सर बाइक की डिक्की में अवैध हथियार रखा गया है। जांच के दौरान बाइक संख्या JH19C 9296 की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने नौडीहा, पिपराटांड़ निवासी गुड्डू साईं और कयूम साईं को गिरफ्तार किया।

वहीं दूसरी कार्रवाई टुनुदाग गांव के समीप की गई। पुलिस ने पल्सर बाइक संख्या JH02 AQ 1409 पर सवार देवेंद्र सिंह उर्फ टुनु सिंह और चंदन सिंह को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से 1.020 किलोग्राम गांजा और 17,600 रुपये नकद बरामद किए गए।

दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....