धनबाद स्टेशन पर विशेष हेल्प अभियान, कोडरमा स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और सहायता बूथ की व्यवस्था
धनबाद: श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालु यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धनबाद रेल मंडल ने विशेष सहायता अभियान शुरू किया है। सोमवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से श्रद्धालु कांवरियों को सहायता और मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
अभियान के दौरान श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य के अनुसार प्लेटफॉर्म और ट्रेनों की जानकारी, टिकट संबंधी मार्गदर्शन तथा स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को अन्य आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया गया।
रेलवे कर्मियों ने श्रद्धालुओं से कतारबद्ध एवं अनुशासित ढंग से यात्रा करने, स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने की भी अपील की।
श्रावणी मेला में बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए धनबाद मंडल ने कोडरमा रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालु कांवरियों की सुविधा के लिए विशेष सहायता बूथ स्थापित किया है। वहीं टिकट लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए एक अतिरिक्त टिकट काउंटर भी शुरू किया गया है।
धनबाद रेल मंडल ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान विभिन्न स्टेशनों पर सहायता, मार्गदर्शन, नियमित उद्घोषणाओं और यात्री सुविधाओं की प्रभावी व्यवस्था लगातार सुनिश्चित की जा रही है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी कठिनाई के सुरक्षित और सहज यात्रा पूरी कर सकें।

