बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत पर जनता दल यूनाईटेड के विधायक और बाहुबली अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया है। जदयू विधायक अनंत सिंह ने उपचुनाव के नतीजे पर दावा करते हुए कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के पद पर बने रहते, तो बांकीपुर में यह नतीजा देखने को नहीं मिलता। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद के हटने से जनता दुखी है।
जनता मालिक है- अनंत सिंह
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के चौंकाने वाले नतीजों पर बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने कहा कि जनता मालिक है। उन्होंने जिन्हें वोट दिया, वहीं जीते। जनता जो चाहेगी वही होता है। वह जिसको चाहती है, उसे कुर्सी पर बैठा सकती है।
नीतीश सीएम रहते तो ऐसा नहीं होता-अनंत सिंह
अनंत सिंह से पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार अगर मुख्यमंत्री रहते तो ऐसा नहीं होता? इस पर उन्होंने कहा कि बिल्कुल ठीक बात है, अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते तो ऐसा नहीं होता। जनता में इस बात का मैसेज गया है कि नीतीश कुमार के चेहरे पर वोट मिला, लेकिन उन्हें हटा दिया गया। जनता यह समझ रही है कि उन्हें हटाया गया है, जनता इससे नाराज है। जनता यह समझी है कि जिस तरीके से हटाया गया, यह गलत हुआ है और ये नहीं होना चाहिए था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पता है ऐसी बात नहीं है, उन्होंने खुद मुख्यमंत्री का पद छोड़ा है।

