रोहिणी की राह पर आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र, बांकीपुर हार के बाद तेजस्वी के ‘आसपास’ रहने वालों को लपेटा

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बाद भाजपा की हार की खासी चर्चा है। बीजेपी का 30 साल पुराना किला ढहा दिया गया है। वहीं, राजद की हार भी काफी निराशाजनक है। पार्टी प्रत्याशी की जमानत ही जब्त हो गई है। बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक भाई वीरेंद्र ने तेजस्वी यादव को बड़ी सलाह दी है।

पार्टी में नए सिरे से आत्ममंथन की सलाह

विधायक भाई वीरेंद्र ने बांकीपुर में पार्टी की हार को लेकर कहा कि इस चुनाव परिणाम के बाद पार्टी को नए सिरे से आत्ममंथन करने और संगठन में आवश्यक बदलाव करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी माना कि इस पूरे मामले में पार्टी से बड़ी चूक हुई है।

पार्टी नेतृत्व को जिनपर भरोसा उनकी भूमिका की हो समीक्षा-भाई वीरेन्द्र

भाई वीरेन्द्र ने बिना नाम लिए पार्टी के कुछ नेताओं और पदाधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे लोगों को चिह्नित करने की जरूरत है, जिनकी वजह से पार्टी को नुकसान हो रहा है। पत्रकारों से बातचीत में भाई वीरेंद्र ने कहा कि बांकीपुर में हार का एक बड़ा कारण संगठन की कमजोरी भी रही है। उन्होंने कहा पार्टी नेतृत्व ने जिन कुछ लोगों पर भरोसा किया था, वे उस भरोसे पर खरे नहीं उतरे। ऐसे नेताओं की भूमिका की समीक्षा होनी चाहिए।

तेजस्वी के आसपास वालों के लिए क्या बोले विधायक?

भाई वीरेंद्र ने कहा कि कई ऐसे चेहरे हैं, जब हमारे नेता के आजू-बाजू बैठते हैं तो लोग तरह-तरह की बातें करते हैं। ऐसे लोगों को साथ रखने से पार्टी की छवि खराब होती है। जिन लोगों से नुकसान हो रहा है, उन पर भरोसा करने के बजाय उन्हें पीछे से काम लेने की जरूरत है। 

जनता के बीच अच्छी छवि वाले को आगे करने की सलाह

भाई वीरेंद्र ने कहा कि पार्टी को अब ऐसे लोगों को मुख्यधारा में लाना चाहिए, जिनकी जनता के बीच अच्छी स्वीकार्यता है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व के आसपास भी ऐसे लोगों को जगह मिलनी चाहिए, जो संगठन को मजबूत करने में सकारात्मक भूमिका निभा सकें।

Share This Article