‘विधायक का एनकाउंटर कराएंगे क्या सीएम’,EO विमल कुमार की हत्या को लेकर तेजस्वी ने दिखाए तेवर

Neelam
By Neelam
4 Min Read

डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार पर निशाना साधा है। बिहार सरकार और पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। तेजस्वी ने कहा कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद दूसरे सरकारी अधिकारी की हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक अधिकारी की हत्या नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र पर हमला है।

तेजस्वी ने पूछा-क्या विधायक का भी एनकाउंटर कराएंगे

राजद कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि सीएम सबका एनकाउंटर कराने की बात करते हैं। अब वो बताएं कि क्या विधायक का भी एनकाउंटर कराएंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि पत्नी आरती देवी ने लोजपा (रामविलास) के विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लेकिन विधायक के खिलाफ नामजद एफआईआर तक नहीं हुई है।

आईजी पर विधायक को बचाने की कोशिश का आरोप

तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस ड्राइवर पर हत्या का आरोप है, उसकी पत्नी भी इसमें साजिश बता रही है और किसी विवाद से इनकार कर रही है। मृत कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की पत्नी ने विधायक पर वसूली का आरोप लगाते हुए इस हत्याकांड में उनपर संगीन आरोप लगाए थे। लेकिन, हत्या में प्रयुक्त हथियार मिले बगैर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आए बगैर पुलिस के आईजी खुद आकर ड्राइवर के अपराध स्वीकार करने की बात कहते हुए मामले में विधायक को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

आईजी विकास वैभव पर तेजस्वी का गंभीर आरोप

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि आईजी विकास वैभव राजनीति में उतरने के इच्छुक हैं। वह अपना फोरम बनाकर बिहार से लेकर दूसरे राज्यों तक काम कर रहे हैं। उस फोरम पर विधायक सोनू सिंह उनके साथ मंच पर नजर आते रहे हैं। इसलिए उन्हें बचाने के लिए आईजी खुद उतरे हुए हैं। वह बिहार के एक उप मुख्यमंत्री के रिश्तेदार हैं।

पुलिस की कार्यशैली पर सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि हत्या का मुख्य आरोपी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का एक विधायक है, लेकिन पुलिस उसका नाम सामने लाने से बच रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जल्दबाजी में केवल ड्राइवर को आरोपी बना दिया, जबकि पूरे मामले में विधायक की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मृतक के शरीर की स्थिति देखकर लगता है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल थे।

दबाव में अधिकारी की हत्या के आरोप पर भी उठाए सवाल

तेजस्वी ने काम के दबाव में अधिकारी की हत्या होने की बात पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्राइवर के छुट्टी नहीं मिल रही है। उनके पास काम ज्यादा हो तो वो मुख्यमंत्री की हत्या कर देगा। यह कोई लॉजिक नहीं है। ऐसे तो मेरी भी हत्या ही सकती है। परिवार के लोग विधायक सोनू सिंह पर सवाल उठा रहे है। 50 लाख की डिमांड की जा रही थी। पुलिस इस एंगल से जांच क्यों नहीं कर रही है।

Share This Article