डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : स्टील सिटी जमशेदपुर से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद बुरी खबर है। सोनारी एयरपोर्ट से भुवनेश्वर के बीच चल रही 9 सीटर विमान सेवा आगामी 31 अगस्त से पूरी तरह ठप हो जाएगी। इस तारीख के बाद के लिए कंपनी की ओर से न तो ऑफलाइन टिकट की बुकिंग ली जा रही है और न ही ऑनलाइन पोर्टल पर कोई सीट उपलब्ध दिखाई दे रही है।
पहले कोलकाता, अब भुवनेश्वर: उड़ान सेवा पर संकट का ग्रहण
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी उड़ान योजना के तहत जमशेदपुर (सोनारी एयरपोर्ट) को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा गया था। इसके तहत विमानन कंपनी इंडिया वन एयर द्वारा 9-सीटर एविशन सेवा की शुरुआत सोनारी से कोलकाता और भुवनेश्वर के लिए की गई थी। हालांकि कंपनी ने कुछ समय पहले कोलकाता रूट पर परिचालन बंद कर दिया था और अब 31 अगस्त को भुवनेश्वर के लिए भी आखिरी उड़ान भरी जाएगी।
क्यों बंद हो रही है सेवा?
सब्सिडी का बंद होना: उड़ान योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सब्सिडी बंद हो जाना।
हाई ऑपरेशनल कॉस्ट: विमान परिचालन लागत की तुलना में रेवेन्यू न मिल पाना।
तकनीकी व व्यावसायिक अड़चनें: कुछ तकनीकी कमियों और रूट पर व्यावसायिक रूप से लाभ न मिल पाने के कारण यह कड़ा फैसला लिया गया।
1 घंटे का सफर अब 8 घंटे में होगा पूरा, यात्रियों पर दोहरी मार
इस फ्लाइट सेवा के बंद होने से सबसे बड़ा झटका उन व्यापारियों, मरीजों और पर्यटकों को लगा है जो कम समय में भुवनेश्वर या ओडिशा के अन्य हिस्सों तक पहुंच जाते थे।
समय का बड़ा नुकसान: जो हवाई सफर महज 1 से 1.5 घंटे में तय हो जाता था, अब सीधी विमान सेवा न होने के कारण लोगों को फिर से ट्रेन या सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ेगा।
लंबा वक्त: ट्रेन और बस से इस दूरी को तय करने में अब 6 से 8 घंटे तक का लंबा समय बर्बाद होगा।
कोलकाता के बाद भुवनेश्वर उड़ान भी बंद हो जाने से सोनारी एयरपोर्ट से एक बार फिर नियमित व्यावसायिक उड़ानों पर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं।

