देश के 15 राज्यों में आज बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट, 70 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

Neelam
By Neelam
4 Min Read

देश में दक्षिण से लेकर उत्तर तक झमाझम बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आनेवाले दिनों में भी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ओर से 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिणी गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के तटों और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं, जिसके प्रभाव से मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ गया है, जिससे भारी बारिश हो रही है।

मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी करते हुए अगले 10 घंटे के भीतर 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी दी है। कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है।

इन 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट 

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक जिन 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा उनमें दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात और महाराष्ट्र में अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और पूर्वी राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है।

रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत के कई राज्यों में मौसम के अचानक बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश और झारखंड के कुछ जिलों के लिए रेड वार्निंग जारी करते हुए तेज आंधी, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की चेतावनी दी है, जबकि कई अन्य राज्यों के जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली, विशाखापट्टनम और विजयनगरम जिलों में गरज-चमक के साथ लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और 15 मिमी प्रति घंटे से अधिक की तीव्र बारिश होने की संभावना है। इसी तरह झारखंड के चतरा, हजारीबाग, लातेहार और लोहरदगा जिलों के लिए भी रेड वार्निंग जारी की गई है।

इन राज्‍यों के लिए ऑरेंज अलर्ट

इसके अलावा कई राज्यों के विभिन्न जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स, री भोई और वेस्ट खासी हिल्स में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। केरल के अलप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, कन्नूर, कोल्लम, कोट्टायम, कोझिकोड, मलप्पुरम, पथानमथिट्टा, तिरुवनंतपुरम और त्रिशूर सहित लक्षद्वीप क्षेत्र में भी 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और मध्यम बारिश होने का अनुमान है। तमिलनाडु के चेन्नई, चेंगलपट्टू और तिरुवल्लूर, तेलंगाना के सिद्धिपेट, ओडिशा के कटक, ढेंकानाल, जाजपुर और खुर्दा, उत्तराखंड के देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी, हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन, जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ तथा आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू और पर्वतीपुरम मन्यम जिलों के लिए भी ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है।

Share This Article