अररिया में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक को घूस लेते गिरफ्तार किया गया है। पटना से आये निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शिवपुरी स्थित आवास से घूस का 50 हजार रूपये रकम लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि 17 लाख रुपये की मशीन उपलब्ध कराने के एवज में महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल ने रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाया और अररिया शहर स्थित उनके आवास से 50 हजार रुपये के साथ उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
17 लाख की मशीन के बदले मांगी रिश्वत
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना के डीएसपी सतीश चंद्र माधव ने बताया कि मशीन सप्लायर कमरे आलम ने महाप्रबंधक के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मशीनों की आपूर्ति के एवज में महाप्रबंधक द्वारा कमीशन की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, विभिन्न लोगों को करीब 17 लाख की मशीनों की आपूर्ति की गई थी। इसके एवज में महाप्रबंधक द्वारा 5 प्रतिशत की दर से 85 हजार कमीशन की मांग की गई थी। इसके बाद कमरे आलम ने मामले की शिकायत निगरानी विभाग से की।
शिकायत के बाद धावा दल का गठन
शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने एक धावा दल का गठन किया। जिसके बाद मशीन सप्लायर कमीशन के तौर पर पचास हजार रुपये घूस देने के लिए उद्योग विभाग के महाप्रबंधक के आवास पर पहुंचा था। जैसे ही उन्होंने घूस की रकम पकड़ी और बगल के अलमारी में रखा, निगरानी विभाग की ओर से गठित धावा दल ने तुरंत छापेमारी कर रुपया बरामद करते हुए उन्हें धर दबोचा। रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार उद्योग विभाग के महाप्रबंधक को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम अपने साथ पटना लेकर गई है।

