धनबाद के टाउन हॉल में विश्व आदिवासी दिवस की धूम, पारंपरिक परिधानों में उमड़ा जनसैलाब, सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हुआ समारोह
धनबाद: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को धनबाद के टाउन हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति की झलक ने पूरे कार्यक्रम स्थल को झारखंड की समृद्ध आदिवासी परंपराओं के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान धनबाद के उपायुक्त, एसडीएम, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो और मेयर संजीव सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने उपस्थित लोगों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और अधिकारों के संरक्षण पर जोर दिया।
वन पट्टा वितरण बना समारोह का मुख्य आकर्षण
समारोह का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण वन पट्टा वितरण कार्यक्रम रहा। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के तहत मनियाडीह और टुंडी प्रखंड के पात्र लाभुकों के बीच आधिकारिक रूप से वन पट्टों का वितरण किया गया।
वर्षों से जमीन पर अधिकार मिलने का इंतजार कर रहे ग्रामीणों को जब वन पट्टा मिला तो उनके चेहरे पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। लाभुकों ने इसे अपने परिवार और आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
पारंपरिक वेशभूषा में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष पारंपरिक परिधानों में पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति और सामुदायिक उत्साह ने समारोह को खास बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अपनी पहचान के प्रति गौरव की झलक देखने को मिली।
विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम ने एक ओर जहां आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को मंच प्रदान किया, वहीं वन पट्टा वितरण के माध्यम से पात्र ग्रामीणों को उनके अधिकार से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण संदेश दिया।

