बिहार के मुजफ्फरपुर में डायल-112 की गाड़ी कांवड़िया लेन में घुस गई और सड़क किनारे आराम कर रहे एक कांवड़िये के पैर पर वाहन का पहिया चढ़ गया। घटना तुर्की थाना क्षेत्र के तुर्की ओवरब्रिज के पास हुई। घायल कांवड़िये की पहचान जाफरपुर निवासी नंदेश्वर पासवान के रूप में हुई है। हादसे के बाद साथियों ने उन्हें पास के सिविल मेडिकल कैंप पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
नंदेश्वर पासवान करीब 20 सदस्यीय कांवड़ियों के जत्थे के साथ पहलेजा से जल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम जा रहे थे। शनिवार रात तुर्की ओवरब्रिज के पास जत्था कुछ देर आराम करने के लिए रुका था। इसी दौरान डायल-112 की गाड़ी कांवड़िया लेन में पहुंच गई और वाहन का पहिया नंदेश्वर पासवान के पैर पर चढ़ गया। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर मौजूद कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई और साथियों ने घायल को इलाज के लिए मेडिकल कैंप पहुंचाया।
कांवड़िया लेन में डायल-112 वाहन के प्रवेश को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कांवड़ियों का कहना है कि यदि वाहन की रफ्तार थोड़ी अधिक होती या उस समय लेन में श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा होती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
वहीं,डीएसपी अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि 112 की गाड़ी धीरे-धीरे आ रही थी और कांवड़िये के पैर में गलती से चढ़ गई। घायल का तत्काल मेडिकल कैंप में इलाज कराया गया है। शुरुआती जांच में घटना गलती से हुई प्रतीत हो रही है। पुलिस ने मौके की परिस्थितियों और वाहन की आवाजाही को लेकर जानकारी जुटाई है। चालक से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

