पलामू जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को मेदिनीनगर शहर के वार्ड-23 स्थित निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम परिसर में विकसित की जा रही विभिन्न खेल एवं जनसुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर दिया जोर
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल, बैडमिंटन कोर्ट एवं जिम एरिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं से निर्माण की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली तथा सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
खिलाड़ियों की सुविधा पर विशेष ध्यान
खिलाड़ियों एवं आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने रिलैक्सिंग चेयर, ओपन कैफेटेरिया तथा परिसर के ग्राउंड में पर्याप्त संख्या में पेड़-पौधे लगाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल परिसर को केवल खेल गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए बेहतर वातावरण एवं सुविधाओं से युक्त विकसित किया जाए, ताकि खिलाड़ियों और आम लोगों को यहां आने पर बेहतर अनुभव मिल सके।
सौंदर्यीकरण और समयबद्धता को प्राथमिकता
परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कहते हुए उपायुक्त ने खुले स्थानों में योजनाबद्ध तरीके से पौधरोपण, हरित क्षेत्र विकसित करने तथा बैठने एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने
निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित जांच करते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि इंडोर स्टेडियम के पूर्ण होने से जिले के खिलाड़ियों, युवाओं एवं खेल प्रेमियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के पदाधिकारी, अभियंता एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

