पुराने रास्ते पर निर्माण का आरोप
पलामू के लोहड़ा गांव स्थित राजकीय +2 सुरत उच्च विद्यालय के भवन निर्माण को लेकर झारखंड क्रांति मंच ने आपत्ति जताई है। मंच के नेताओं ने आरोप लगाया कि पुराने सर्वे के रास्ते पर निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सैकड़ों दलित परिवारों का आवागमन प्रभावित हो सकता है।
मौके का जायजा लेकर जताई नाराजगी
झारखंड क्रांति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु और पलामू जिलाध्यक्ष धीरज कुमार वर्मा ने स्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि रास्ते का इस्तेमाल वर्षों से स्थानीय लोग करते आ रहे हैं। मंच ने आरोप लगाया कि निर्माण के लिए रास्ते पर गड्ढे खोदकर पीलिंथ का काम कराया जा रहा है।
डीसी से जांच और रोक की मांग
मंच के नेताओं ने पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से मामले की जांच कराने और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि पुराने सर्वे और नक्शे के अनुसार रास्ते की स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
आंदोलन की दी चेतावनी
झारखंड क्रांति मंच ने कहा कि मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर प्रभावित लोगों के लिए पर्याप्त रास्ता सुनिश्चित किया जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य नहीं रोका गया और समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मंच आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

