जंगल के रास्ते मवेशी ले जा रहा पिकअप दुर्घटनाग्रस्त

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : मयूरहंड थाना क्षेत्र के हुसिया बाजार के पास पंचमो जंगल में शनिवार सुबह एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद जब स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो वाहन के भीतर का नजारा देखकर दंग रह गए। पिकअप में क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर करीब 20 मवेशियों को लादा गया था।

सुबह-सुबह हुई इस दुर्घटना के बाद इलाके में अवैध पशु तस्करी का सिंडिकेट सक्रिय होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन मुख्य सड़क से दूर सुनसान जंगल के रास्ते का इस्तेमाल कर रहा था, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्कर इस रूट का इस्तेमाल कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें मौजूद सभी मवेशियों को अपने कब्जे में ले लिया है। पशुओं को कहां से लाया जा रहा था और इन्हें किस ठिकाने पर पहुंचाने की योजना थी, इन सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन मालिकों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य चेहरों की पहचान के लिए तकनीकी सहायता और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही तस्करी से जुड़े पुख्ता खुलासे सामने आ सकेंगे।

Share This Article