प्राक्कलन के उल्लंघन पर नगर निगम की कार्रवाई, संवेदक को गुणवत्ता के अनुरूप फिर से बनानी पड़ी नाली
धनबाद नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. सिंदरी नगर निगम कार्यालय के समीप चल रहे नाली निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और स्वीकृत प्राक्कलन की अनदेखी पाए जाने पर नगर निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए करीब 100 फीट निर्मित नाली को तुड़वा दिया.
निरीक्षण में मिली निर्माण कार्य में खामी
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संवेदक प्रहलाद यादव द्वारा कराया जा रहा नाली निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन और तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं था. निर्माण में गुणवत्ता संबंधी खामियां मिलने के बाद सहायक अभियंता सौरव प्रभात और कनीय अभियंता कार्तिक उपाध्याय की मौजूदगी में पहले से निर्मित नाली के संबंधित हिस्से को ध्वस्त कराया गया.
दोबारा कराया गया 100 फीट नाली का निर्माण
कार्रवाई के बाद संबंधित एजेंसी को निर्धारित प्राक्कलन, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप करीब 100 फीट नाली का निर्माण दोबारा करना पड़ा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं में निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
लापरवाही पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
कनीय अभियंता कार्तिक उपाध्याय ने कहा कि जिला प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि विकास योजनाओं में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नगर निगम प्रशासन ने सभी संवेदकों को भी चेतावनी दी है कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या स्वीकृत प्राक्कलन का उल्लंघन पाए जाने पर सीधे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

