नेपाल की बाढ़ में पलामू का महेंद्र लापता, छह दिन बाद परिजन पहुंचे बाणेश्वर

Reena Sharma
3 Min Read

हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में काम करने गए थे महेंद्र, 25 अगस्त से संपर्क टूटा
पलामू। मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के बड़ंडा-बरवाडीह गांव निवासी 50 वर्षीय महेंद्र विश्वकर्मा नेपाल में आई बाढ़ के बाद पिछले छह दिनों से लापता हैं। महेंद्र करीब दो माह पहले नेपाल के बाणेश्वर स्थित हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में काम करने गए थे। 25 अगस्त के बाद से परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो सका है, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
फोन बंद होने से परिवार की बढ़ी चिंता
महेंद्र की पत्नी कलावती देवी ने बताया कि उनके पति रोजाना फोन पर परिजनों से बातचीत करते थे। नेपाल में बाढ़ आने के बाद अचानक उनका फोन आना बंद हो गया। कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई बात नहीं हो सकी। महेंद्र का अब तक पता नहीं चलने से परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। हालांकि, पत्नी को अब भी विश्वास है कि उनके पति सुरक्षित हैं और जल्द घर लौटेंगे।
भाई और बेटे ने नेपाल पहुंचकर शुरू की तलाश
महेंद्र की तलाश में उनके छोटे भाई उपेंद्र विश्वकर्मा, नरेश विश्वकर्मा, विनोद विश्वकर्मा और पुत्र लड्डू विश्वकर्मा रविवार को नेपाल के बाणेश्वर के लिए रवाना हुए। महेंद्र ने काम के दौरान जिस स्थान का जिक्र परिजनों से किया था, वहां पहुंचकर परिवार के लोग अपने स्तर से उनकी तलाश कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार, अभी तक महेंद्र के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है, लेकिन खोजबीन लगातार जारी है।
प्रशासन और पुलिस भी जुटी तलाश में
महेंद्र विश्वकर्मा की खोज को लेकर पलामू जिला प्रशासन और पुलिस भी प्रयास कर रही है। उनके सकुशल होने की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित स्तर पर संपर्क किया जा रहा है। परिजनों ने प्रशासन से महेंद्र की जल्द तलाश कर उन्हें सुरक्षित वापस लाने की अपील की है। पत्नी कलावती देवी ने कहा कि नेपाल में हुई त्रासदी के बाद पति से संपर्क टूटने से पूरा परिवार बेहद परेशान है और हर पल उनकी चिंता सता रही है।
सांसद प्रतिनिधि ने परिजनों को दिया भरोसा
मामले को गंभीरता से लेते हुए हैदरनगर सांसद प्रतिनिधि डॉ अजय कुमार जायसवाल ने परिजनों से मुलाकात की और इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इस दौरान सांसद बीडी राम से भी परिजनों की बातचीत कराई गई। सांसद की ओर से परिजनों को बताया गया कि नेपाल दूतावास और वहां के प्रधानमंत्री स्तर पर महेंद्र विश्वकर्मा के संबंध में संपर्क किया गया है। महेंद्र की तलाश और उनका पता लगाने के प्रयास में नेपाल सरकार भी जुटी हुई है।

Share This Article