मेदिनीनगर। फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन के बैनर तले जन वितरण प्रणाली के डीलरों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर समाहरणालय परिसर के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया। धरना स्थल पर सभा का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन के पलामू जिलाध्यक्ष रवींद्र पांडेय ने की, जबकि संचालन जिला सचिव प्रेम प्रकाश ठाकुर ने किया।
कमीशन भुगतान नहीं होने से डीलरों में नाराजगी
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रवींद्र पांडेय ने कहा कि सरकार द्वारा कमीशन की राशि का भुगतान नहीं किए जाने से डीलरों की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। उन्होंने राज्य सरकार से जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं को 50 हजार रुपये मानदेय देने की मांग की। उन्होंने कहा कि डीलरों की समस्याओं का हर हाल में समाधान कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा आठ सूत्री मांग पत्र
धरना के अंत में मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को आठ सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। फेडरेशन ने डीलरों के परिवार के सदस्यों को अबुआ स्वास्थ्य योजना का अविलंब लाभ देने की मांग की। साथ ही गोदाम से सही मात्रा में राशन सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की गयी।
डीलरों की प्रमुख मांगों में कोरोना काल में वितरित किए गए खाद्यान्न के बकाया कमीशन का जल्द भुगतान और भारत सरकार द्वारा जन वितरण प्रणाली को पेपरलेस संचालित करने के आदेश को राज्य सरकार द्वारा तत्काल लागू करना शामिल है।
मांगें नहीं मानी तो राजभवन के समक्ष धरना
फेडरेशन की ओर से कहा गया कि यदि डीलरों की मांगों को नहीं माना गया, तो एक अक्टूबर को रांची राजभवन के समक्ष धरना दिया जाएगा।
धरना में युगल किशोर तिवारी, लखन राम, सुनील कुमार पांडेय, पारस नाथ सिंह, प्रेम प्रकाश ठाकुर, सुनील कुमार मिश्रा, नैन कुमारी देवी, प्रदीप पासवान, मनोज प्रसाद, नंदलाल सिंह, नाजनीन अफरोज, भानु प्रताप सिंह समेत काफी संख्या में विक्रेता एवं महिला समूह की सदस्याएं उपस्थित थीं।

