बचपन छोड़ मजदूरी की राह पर निकले 20 बच्चे, जसीडीह में RPF ने थामा हाथ

Reena Sharma
2 Min Read

विशेष जांच अभियान में संदिग्ध हालात में मिले 20 बच्चे

देवघर के जसीडीह रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने विशेष जांच अभियान के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन देवघर के सहयोग से मजदूरी के लिए विभिन्न राज्यों की ओर जा रहे 20 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट जसीडीह लाया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह के अनुसार, आरपीएफ के पदाधिकारी और जवान प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान 20 नाबालिग बच्चे संदिग्ध परिस्थिति में मिले।

तांबरम एक्सप्रेस से दूसरे राज्यों में जाने की थी तैयारी

Advertisement

पूछताछ में सामने आया कि बच्चे देवघर, सारठ, पालोजोरी, झाझा, बांका समेत अन्य क्षेत्रों के रहने वाले हैं। बच्चों ने बताया कि वे ट्रेन संख्या 12376 तांबरम एक्सप्रेस से अलग-अलग राज्यों में मजदूरी करने के उद्देश्य से जाने वाले थे। बच्चों के मिलने की सूचना आरपीएफ ने तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन देवघर को दी, जिसके बाद टीम आरपीएफ पोस्ट पहुंची और बच्चों से आवश्यक पूछताछ की।

मेडिकल जांच के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपे गए

बच्चों की स्थिति और मामले से जुड़ी जानकारी लेने के बाद तय प्रक्रिया के तहत सभी 20 बच्चों की मेडिकल जांच कराई गई। जांच और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बच्चों को आगे की देखभाल, काउंसलिंग और पुनर्वास के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया। आरपीएफ की ओर से एसआइ रजनी कुमारी ने सभी 20 बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया। मामले में संबंधित एजेंसियों की ओर से आगे की प्रक्रिया की जा रही है।

Share This Article