धनबाद स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, तीन मोबाइल बरामद

Reena Sharma
4 Min Read

धनबाद। धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ RPF और CIB की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और 450 रुपये नकद बरामद किये गये हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये बतायी गयी है।

प्लेटफॉर्म संख्या आठ के कालका छोर पर संदिग्ध हालत में बैठे थे पांचों

RPF के अनुसार, रविवार को वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में RPF पोस्ट धनबाद और CIB धनबाद की संयुक्त टीम स्टेशन क्षेत्र में गश्त और अपराध निगरानी कर रही थी। इसी दौरान करीब 12:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-08 के कालका छोर के पास पांच व्यक्ति संदिग्ध हालत में बैठे दिखाई दिये। पुलिस बल को अपनी ओर आता देखकर सभी इधर-उधर खिसकने का प्रयास करने लगे। इसके बाद जवानों ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया।

तलाशी में तीन मोबाइल और 450 रुपये नकद मिले

पूछताछ में आरोपी धनबाद स्टेशन आने और पुलिस बल को देखकर भागने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तलाशी लेने पर विक्की कर्मकार के पास Samsung का मोबाइल, मो. अरमान के पास Infinix का मोबाइल और 450 रुपये नकद तथा मिथुन गोप के पास Poco का मोबाइल बरामद हुआ। RPF के अनुसार, तीनों मोबाइल के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने उन्हें धनबाद स्टेशन पर असावधान रेल यात्रियों से चोरी करने की बात बतायी।

Advertisement

मोबाइल पर आया फोन, खुल गया चोरी का राज

इसी दौरान मो. अरमान के पास से बरामद Infinix मोबाइल पर 8933870813 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाली महिला ने अपना परिचय चंद्रिका के रूप में देते हुए बताया कि वह अयोध्या की रहने वाली है और उक्त मोबाइल उसका है, जिसे धनबाद स्टेशन पर अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया था। इसके बाद RPF ने मोबाइल को चोरी का पाया और बरामदगी की कार्रवाई पूरी की।

पांचों आरोपियों को GRP धनबाद को सौंपा

कार्रवाई के बाद पांचों आरोपियों और बरामद सामान को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए GRP धनबाद को सौंप दिया गया। RPF पोस्ट धनबाद के उप निरीक्षक पालिक मिंज की शिकायत पर राजकीय रेल थाना धनबाद में कांड संख्या 167/26, दिनांक 06 सितंबर 2026 के तहत BNS की धारा 317(5)/317(4)/3(5) में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक अवर निरीक्षक दिलीप कुमार पाल को सौंपी गयी है।

गिरफ्तार आरोपियों में तीन पश्चिम बंगाल और दो धनबाद के

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कर्मकार (32), छोटू अंसारी (35), मंगल राय (32), मो. अरमान (26) और मिथुन गोप (26) के रूप में हुई है। इनमें विक्की कर्मकार, छोटू अंसारी और मंगल राय पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के कुल्टी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि मो. अरमान धनबाद और मिथुन गोप बलियापुर थाना क्षेत्र का निवासी है।

मो. अरमान पर धनबाद रेल थाना में तीन मामले दर्ज

RPF की ओर से उपलब्ध करायी गयी जानकारी के अनुसार, मो. अरमान के खिलाफ राजकीय रेल थाना धनबाद में वर्ष 2025 और 2026 के तीन मामले दर्ज हैं। वहीं विक्की कर्मकार के खिलाफ वर्ष 2025 में धनबाद रेल थाना में एक मामला दर्ज है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है।

तीन मोबाइल समेत बरामद सामान की कीमत करीब 60 हजार

कार्रवाई में Samsung, Infinix और Poco कंपनी के तीन इस्तेमाल किये जा रहे टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किये गये हैं। इनमें एक मोबाइल बिना सिम का है। बरामद सामान का कुल मूल्य करीब 60 हजार रुपये बताया गया है।

Share This Article