NH किनारे होटल-ढाबों पर चला औचक अभियान
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर 7 सितंबर 2026 की रात पलामू जिले के सभी थाना क्षेत्रों में होटल और ढाबों के खिलाफ विशेष एवं औचक छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खास तौर पर NH और प्रमुख मार्गों के किनारे स्थित होटल-ढाबों की जांच की गई। अवैध शराब के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सघन तलाशी ली गई और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।
11 ठिकानों की जांच, 30 शराब की बोतलें बरामद
छत्तरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल क्षेत्र के कुल 11 होटल और ढाबों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ स्थानों से अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने कुल 30 शराब की बोतलें जब्त कीं। बरामदगी के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को पत्राचार किया गया है।
सड़क हादसों और नशे से होने वाली घटनाओं पर निशाना
पुलिस के मुताबिक अभियान का उद्देश्य शराब के सेवन से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, सार्वजनिक स्थानों पर नशे के कारण होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोकना और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। NH और प्रमुख मार्गों के किनारे संचालित होटल-ढाबों में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर विशेष नजर रखी जा रही है।
अवैध शराब पर आगे भी जारी रहेगा एक्शन
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने स्पष्ट किया है कि होटल, ढाबा या किसी अन्य स्थान पर अवैध शराब की बिक्री और भंडारण किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार विशेष और औचक अभियान चलाकर कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

