डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में कोयला कारोबारियों और व्यवसायियों में खौफ पैदा कर रंगदारी वसूलने निकले राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने इनके पास से लेवी के 40 हजार रुपये नकद, दो स्मार्टफोन और एक पल्सर बाइक जब्त की है। गुरुवार को दोनों आरोपियों को कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन को गोपनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ गुर्गे इलाके के कोयला कारोबारियों से जबरन वसूली और लेवी की रकम वसूलने के लिए काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से आने वाले हैं। इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस को यह भी इनपुट मिला था कि आरोपी लेवी की रकम ऐंठने के बाद बुंडू बसरिया गांव के रास्ते गिद्दी-नईसराय मार्ग से रामगढ़ की तरफ भागने की फिराक में हैं। इसी बिनाह पर पुलिस टीम ने गिद्दी मुख्य मार्ग पर टोंगी के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध बाइक पर सवार युवकों ने पुलिस को देखा, वे भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सतर्क जवानों ने खदेड़कर दोनों को धर दबोचा।
बरामदगी और कानूनी शिकंजा
पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों की तलाशी ली तो उनके पास से 500-500 रुपये के 80 नोट (कुल 40 हजार रुपये), दो एंड्रायड मोबाइल फोन (एक सफेद और एक नीले रंग का) और घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (पंजीयन संख्या: JH-24M-6620) बरामद हुई। इस मामले में गिद्दी थाने में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए कांड संख्या 30/26 दर्ज की है। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 111(2)(बी), 111(3), 308(3) और 308(4) के तहत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि यह गिरोह किन-किन कारोबारियों को निशाना बना चुका है और इस वसूली के तार कहां-कहां जुड़े हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
मनु कुमार साव (उम्र 19 वर्ष), पिता – प्रमोद साव, निवासी – सौदागर मोहल्ला, थाना व जिला – रामगढ़।
अविनाश कुमार (उम्र करीब 18 वर्ष), पिता – राजेश साव, निवासी – कोयरिटोला मुंडा टोली, थाना व जिला – रामगढ़।
छापामारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
इस ऑपरेशन को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में गिद्दी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक मो. इकबाल हुसैन, पुलिस अवर निरीक्षक दामुराम बोयपाई, चंदन उरांव, सुनील कुमार, कांस्टेबल ओम प्रकाश कुमार महतो, राजेंद्र कुमार और अनिल कुमार सिंह शामिल रहे।

